पटाखा फैक्ट्री का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया संयुक्त निरीक्षण

महराजगंज । जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विशम्भरपुर में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने एक पटाखा फैक्ट्री का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्री में चल रहे निर्माण कार्य, भंडारण की स्थिति एवं सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और फैक्ट्री संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा फैक्ट्रियां आबादी वाले क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी पर संचालित होनी चाहिए। उन्होंने इसे अत्यंत संवेदनशील कार्य बताते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का सर्वोच्च प्राथमिकता से पालन करने पर बल दिया और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
WhatsApp Channel Join Now

पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा कर्मचारियों की सतर्कता की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि ऐसी फैक्ट्रियों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाए ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। एसपी ने फैक्ट्री संचालकों को केवल अधिकृत स्थानों पर ही निर्माण व भंडारण करने तथा विस्फोटक पदार्थों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक न रखने की हिदायत भी दी।

अधिकारियों ने फैक्ट्री कर्मचारियों को सुरक्षा प्रशिक्षण देने और अग्निशमन उपकरणों को सदैव दुरुस्त हालत में रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।

Post a Comment

0 Comments