घुघली पुलिस ने दों गांजा तस्करों को दबोचा, 1 किलो से अधिक गांजा किया बरामद

महाराजगंज । घुघली पुलिस ने शनिवार को 1 किलो 115 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नीले रंग की स्कूटी (UP56BB1325) पर सवार दो व्यक्ति अवैध गांजे का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर, घुघली पुलिस टीम ने जखीरा चौराहा पर घेराबंदी की और स्कूटी चालक को रुकने का इशारा किया।

स्कूटी रोकने के बाद, पुलिस ने वाहन और उससे संबंधित कागजात मांगे। आरोपी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उनकी पहचान राजेश्वर सिंह (46) पुत्र वंशबहादुर सिंह और चंद्रभान गोंड (70) पुत्र स्व. सवरू गौड़, दोनों निवासी हरखी, थाना घुघली, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान, उनके पास से एक सफेद झोले में कुल 1 किलो 115 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गांजे के परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना घुघली में मुअसं- 359/2025 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र जैन, कांस्टेबल आशुतोष राय और कांस्टेबल विजय प्रकाश शामिल थे।
जिला ब्यूरो- रंजीत मोदनवाल, महाराजगंज ।

Post a Comment

0 Comments