घर में घुसकर बदमाशोंं ने महिला को बनाया बंधक, हाथ-पैर बांधे, मुंह में ठूंसा कपड़ा, नकदी व जेवरात लूटे


महोबा । जिले में थाना कबरई के बबेड़ी गांव में बृहस्पतिवार की रात चार बदमाशों ने एक मकान में चोरी की नीयत से धावा बोला। आहट पाकर सो रही महिला के जागने पर उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद बदमाश 50 हजार की नकदी व करीब सात लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट ले गए। सूचना पर डीआईजी, एसपी व सीओ ने घटनास्थल पहुंच जांच की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बबेड़ी गांव निवासी जगराम यादव उर्फ टिर्रा रात करीब 12 बजे छत पर सो रहा था जबकि परिवार की महिलाएं आंगन पर लेटी थीं। तभी बदमाश खपरैल से अंदर घुस आए। बदमाशों ने कमरे में रखे अटैची और बक्सों के ताले तोड़े। आहट पाकर आंगन में सो रही जगराम की बहू मधु जाग गई। कमरे की लाइट जलती देख वह वहां पहुंची तो बदमाशों ने उसके रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए और शोर मचाने पर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद बदमाश नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए। रात करीब साढ़े तीन बजे जब परिजन जागे, तो बहू को बंधनमुक्त कराते हुए पुलिस को सूचना दी। पीड़ित जगराम ने बताया कि बदमाश मकान से 50 हजार रुपये नकद, सोने के दो मंगलसूत्र, आठ कंगन, दो बेसर, दो चैन, चार अंगूठी, चांदी की चार पायल, दो हाफपेटी समेत करीब सात लाख रुपये के आभूषण ले गए हैं। सूचना पर चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के डीआईजी राजेश एस, एसपी प्रबल प्रताप सिंह व सीओ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद डीआईजी ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments