महाराजगंज । धानी ब्लॉक की ग्राम सभा बड़डार के कुशलपुर टोला में अधूरा नाली निर्माण ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। कुछ साल पहले नाली निर्माण के लिए लाखों रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा काम आधी अधूरी छोड़कर देने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
गंदा पानी खेतों में, बारिश में सड़कें जलमग्न
ग्रामीणों का कहना है कि नाली अधूरी होने के कारण घरों का गंदा पानी उनके खेतों और फसलों तक पहुँच रहा है, जिससे उनकी फसलें खराब हो रही हैं। फसलों को नुकसान से बचाने के लिए किसानों ने मजबूर होकर नालियों को ब्लॉक कर दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या बारिश के दौरान होती है। नाली निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर पानी भरा रहता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा, जो नाली बनी भी है, वह खुली छोड़ दी गई है, जिसके कारण बच्चों और पालतू जानवरों के उसमें गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है।
सरकारी सुविधाओं से वंचित कुशलपुर टोला
ग्रामीणों ने शिकायत की है कि एक ओर सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उन्होंने बताया कि आस-पास के गाँवों में बिजली के खंभों पर रात के उजाले के लिए स्ट्रीट लाइट की सुविधा है, लेकिन कुशलपुर टोला में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान से अधूरे काम को पूरा करने की शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब स्थानीय लोग प्रशासन से हस्तक्षेप करने और इस सरकारी धन के दुरुपयोग की जाँच कराने की मांग कर रहे हैं।
जिला ब्यूरो- रंजीत मोदनवाल, महाराजगंज ।
0 Comments