महराजगंज । घुघली ब्लाक के ग्राम पंचायत बेलवा तिवारी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। नालियों की सफाई न होने और बदबू फैलने से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद ही कमान संभाल ली है। सफाईकर्मियों की उदासीनता और प्रशासन की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर सफाई अभियान शुरू कर दिया है।
गांव की अधिकांश नालियां जाम हैं और कई जगहों पर खुले नालों से लगातार दुर्गंध उठ रही है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि ग्रामीणों ने अपनी निजी बोरिंग मशीनों की मदद से पानी चलाकर नालियों की सफाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि नालियों पर ढक्कन नहीं होने से इनमें कूड़ा-कचरा भर जाता है, जिससे गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। हालांकि कुछ जगहों पर ढक्कन रखे गए हैं, लेकिन वे नाकाफी हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए और नियमित सफाईकर्मी तैनात किए जाएं। साथ ही, सभी नालियों पर ढक्कन लगाए जाएं ताकि गंदगी से बचा जा सके और ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
जिला ब्यूरो- रंजीत मोदनवाल, महाराजगंज ।
0 Comments