बस्ती । जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हरैया थाना क्षेत्र के एनएच-28 पर बीती देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुख्यात गौ-तस्कर सुभान अली उर्फ पापु पुलिस की गोली से घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया।
मुठभेड़ में सुभान अली के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक अवैध कट्टा बरामद किया। साथ ही मौके से 6 गौवंशीय पशुओं को मुक्त कराया गया।
पुलिस की सख़्ती से गौ-तस्करों में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद इलाके के गौ-तस्करों में दहशत का माहौल है। लंबे समय से सक्रिय सुभान अली उर्फ पापु पुलिस की सूची में वांछित था और उसकी तलाश में कई दिनों से टीमें लगी हुई थीं। आखिरकार एनएच-28 पर पुलिस की घेराबंदी में वह फंस गया।
कई थानों की संयुक्त कार्रवाई
इस मुठभेड़ में जिले की कई पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। जिसमें परशुरामपुर थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, SOG प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, हरैया SHO तहसीलदार सिंह, SO छावनी जनार्दन प्रसाद, स्वाट टीम प्रभारी संतोष कुमार सहित सभी की संयुक्त कार्यवाही से पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
STF में रह चुके एनकाउंटर स्पेशलिस्ट का बड़ा रोल
खास बात यह रही कि इस ऑपरेशन में परशुरामपुर थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, जो STF में रहते हुए कई सफल एनकाउंटर कर चुके हैं, ने अहम भूमिका निभाई। उनकी रणनीति और नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कुख्यात बदमाश को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस की सख़्त कार्यवाही जारी
बस्ती पुलिस अधीक्षक ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर अपराध व गौ-तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस आगे भी इसी तरह की कार्रवाइयों से बदमाशों की कमर तोड़ेगी।
जिला ब्यूरो- सत्यम, बस्ती ।
0 Comments