धानी में लाखों की चोरी, नगदी व जेवरात ले उड़े चोर, गांव में दहशत

महराजगंज । बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा चौका टोला चकरवा में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से करीब एक लाख रुपये नगद और कुछ जेवरात लेकर फरार हो गए। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।गांव निवासी राजू पुत्र हरिराम ने बताया कि रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अचानक गांव की बिजली गुल हो गई।अंधेरे के कारण घर के सभी सदस्य छत पर जाकर सो गए। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और बक्से में रखे रुपये व जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए।

राजू ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उसकी नींद खुली तो नीचे आकर देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। किसी अनहोनी की शक होने पर उसने सभी परिजनों को जगाया और घर की तलाशी ली। तभी पता चला कि बक्सा से सामान गायब है।बक्सा खोलकर देखने पर उसमें रखा एक लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के गहने चोरी हो चुके थे।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग दहाड़ मारकर रोने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद ग्राम प्रधान ने तुरंत घटना की सूचना धानी पुलिस चौकी को दी।सूचना पाकर चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों से विस्तृत जानकारी ली और जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया।

गांव के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। आए दिन कहीं न कहीं चोरी हो रही है, लेकिन चोर पुलिस की पकड़ से दूर हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरी पर अंकुश लगाने की मांग की है।इस वारदात के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है। लोग रात में घरों से बाहर निकलने से भी हिचकिचा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है पुलिस चोरी का जल्द खुलासा करे।
जिला ब्यूरो- रंजीत मोदनवाल, महाराजगंज ।

Post a Comment

0 Comments