बुजुर्ग महिला पर धारदार हथियार से हमला, गला रेतने का प्रयास, जांच में जुटी पुलिस

महराजगंज । जिले के बरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरहना में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां देर रात एक महिला पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब महिला अपने घर के पीछे बने शौचालय में गई थी। हमलावर ने उस पर अचानक हमला कर उसका गला रेतने की कोशिश की। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बरगदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है और घटना के अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच जारी है।
जिला ब्यूरो- रंजीत मोदनवाल, महाराजगंज ।

Post a Comment

0 Comments