नवागत जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने कलेक्ट्रेट में सुनी जन शिकायतें, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कहा- जनता की समस्या का समाधान हो, सिर्फ औपचारिकता नहीं

बस्ती । नवागत जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम जनता की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने-अपने मुद्दों और शिकायतों को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि जन सुनवाई जनता और प्रशासन के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी शिकायत का समाधान केवल कागजों पर न हो, बल्कि जमीनी स्तर पर उसका वास्तविक निस्तारण किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

ज्योत्सना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को अनदेखा न किया जाए, और बिना समाधान के कोई भी फाइल बंद न की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जन सुनवाई करें और जनता के साथ संवाद बनाए रखें, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी की सख्त और संवेदनशील कार्यशैली ने जनपदवासियों में प्रशासन के प्रति नई उम्मीदें जगाई हैं।
जिला ब्यूरो- सत्यम, बस्ती ।

Post a Comment

0 Comments