परतावल-कप्तानगंज मार्ग हादसे में घायल युवक की मौत, परिवार में मातम

महराजगंज । परतावल-कप्तानगंज मार्ग पर बीते गुरुवार की शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल डिंपल उर्फ अभिषेक मद्धेशिया (22) ने रविवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

WhatsApp Channel Join Now
यह हादसा श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के इमिलिया भट्ठा के पास हुआ था, जहां एक बाइक और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में अभिषेक के साथ राजन वर्मा (25) भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा, जहां से गंभीर हालत में उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

परिजनों ने बाद में अभिषेक का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया, जहां रविवार रात करीब 8:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गोरखपुर भेज दिया।

बताया जाता है कि अभिषेक की मां का निधन छह वर्ष पूर्व ही हो चुका था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

चौकी प्रभारी परतावल अमित सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल बाइक और ऑटो को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि ऑटो चालक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।

Post a Comment

0 Comments