महराजगंज में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

महराजगंज । जिले में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जिले के लिए 4 अक्टूबर को मौसम विज्ञान विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 2 से 5 अक्टूबर तक लगातार बारिश की संभावना है, जिससे जिले में जलजमाव और नदियों के जलस्तर में खतरनाक बढ़ोतरी हो सकती है।

जिला प्रशासन ने हालात को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है। आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया गया है। प्रशासन ने विशेष रूप से किसानों और ग्रामीण इलाकों के निवासियों को सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।

जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दशहरा मेले में शामिल होने आए ग्रामीण क्षेत्रों के लोग, खासकर महिलाएं, अचानक हुई मूसलधार बारिश से परेशान नजर आईं। बारिश से बचने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।मेले में दुकानें लगाने वाले व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार बारिश के चलते ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई, जिससे उनकी बिक्री पर सीधा असर पड़ा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यह स्थिति पहले से ही सुस्त चल रही स्थानीय अर्थव्यवस्था को और प्रभावित कर रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी राहत केंद्र या हेल्पलाइन नंबर से संपर्क करने को कहा गया है।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।

Post a Comment

0 Comments