महाराजगंज । बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी बाजार में बीती रात बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते कई दुकानों में लाखों रुपए का नुकसान हो गया। दुकानदारों ने समय पर शिकायत करने के बावजूद लाइनमैन के घंटों देर से पहुंचने पर विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है
जन सेवा केंद्र में सबसे अधिक क्षति
धानी बाजार निवासी जितेंद्र साहनी पुत्र कृष्णनाथ साहनी की धानी ब्लॉक रोड पर स्थित जन सेवा केंद्र की दुकान में सबसे ज़्यादा क्षति हुई है। जितेंद्र साहनी ने बताया कि बीती रात बिजली का वोल्टेज लगातार लो और हाई हो रहा था। उन्होंने और अन्य दुकानदारों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचित किया और लाइट सही करने का आग्रह किया।
जितेंद्र साहनी के अनुसार, लाइनमैन ने जल्द आने का आश्वासन दिया, लेकिन तीन से चार घंटे की देरी से पहुंचे। इस लंबी अवधि में वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण उनकी दुकान में रखे लैपटॉप, पीसी, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए, जिससे उन्हें लाखों रुपए का बड़ा नुकसान हुआ है।
अन्य दुकानदारों का भी नुकसान
केवल जितेंद्र साहनी ही नहीं, बल्कि अन्य दुकानदारों को भी इस लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ा है। एक अन्य दुकानदार मोनू ने आरोप लगाया कि वोल्टेज की समस्या के कारण उनका भी 10,000 रुपए का सामान जल गया।
दुकानदारों ने एक स्वर में बिजली विभाग पर आरोप लगाया है कि अगर लाइनमैन समय रहते आ जाता और बिजली को सही कर देता, तो उनका यह भारी नुकसान टाला जा सकता था।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।
0 Comments