महराजगंज । जिले में यातायात माह के तहत ट्रैफिक पुलिस ने नगर कस्बा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में प्रभारी यातायात एवं टीम ने सुबह से ही अभियान की कमान संभाली।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने विशेष रूप से स्कूल/कॉलेजों में संचालित बसों की फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, CCTV कैमरा, सुरक्षा के लिए फायर गैस किट, सेफ्टी मेजर और फर्स्ट एड बॉक्स का गहन निरीक्षण किया। टीम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सभी स्कूली वाहन निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करें।
वाहन चालकों को वाहन में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरा लगाने, निर्धारित गति सीमा में चलने, फायर गैस किट रखने और पर्याप्त चिकित्सा सामग्री (फर्स्ट एड बॉक्स) रखने के निर्देश भी दिए गए। वहीं छात्रों को वाहन चलाने से पहले ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग करने और सदैव यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
प्रभारी यातायात ने बताया कि नियम विरुद्ध पाए गए चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान कुल 05 वाहनों का चालान कर 18,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जागरूकता और सख्ती के इस संयुक्त अभियान से क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।
0 Comments