महराजगंज विकास भवन में सीडीओ अनुराज जैन का विदाई समारोह आयोजित

महराजगंज । विकास भवन सभागार में निवर्तमान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनुराज जैन का विदाई समारोह भावनात्मक माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यकाल की सराहना की।

अनुराज जैन को अयोध्या विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विदाई समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अयोध्या वर्तमान में तेजी से विकसित हो रहा जनपद है, जो शासन की प्राथमिकताओं में शीर्ष पर है।

वर्तमान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अनुराज जैन ने महराजगंज में अपने कार्यकाल के दौरान जनपद में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए और हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया। उन्होंने जैन को एक प्रभावी लोकसेवक और बेहतरीन व्यक्तित्व का धनी अधिकारी बताया।

जिलाधिकारी ने बधाई देते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों का उनके प्रति स्नेह दर्शाता है कि उनका कार्यकाल अत्यंत सफल रहा। उन्होंने कहा, एक जिलाधिकारी के लिए एक अच्छा सीडीओ होना सौभाग्य की बात है, और जैन ने विकास भवन के विभागों की चिंता करने का अवसर नहीं दिया।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि अनुराज जैन ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में तीन वर्षों तक मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्य किया है। उनके अनुभव और कार्यकुशलता से अयोध्या विकास प्राधिकरण को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा, जहां विकास की असीम संभावनाएं हैं।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।

Post a Comment

0 Comments