महराजगंज । पनियरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 स्थित मास्टर कॉलोनी के पीछे मंगलवार सुबह एक पोखरे में अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने की सूचना पर मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ महिलाएं रोज की तरह पोखरे की ओर गई थीं। इस दौरान उन्होंने पानी में एक महिला का शव तैरते हुए देखा, जो धीरे-धीरे किनारे की ओर आ रहा था। महिलाओं ने तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय लोगों और पुलिस को दी।
सूचना पाकर पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान महिला के गले में मंगलसूत्र, कान में झुमके और बाएं हाथ में 'Sanjana' लिखा हुआ ब्रेसलेटनुमा धागा मिला।
महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी जा रही है। उसके बाएं पैर में छह उंगलियां होना पहचान की एक विशेष निशानी बताई गई है।
फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस टीम महिला की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।
0 Comments