महराजगंज । जनपद महराजगंज के पनियरा–परतावल मार्ग पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बभनौली चौराहे से ठीक पहले एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दवा व्यवसायी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 48 वर्षीय धर्मेंद्र मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर मारने वाला चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक धर्मेंद्र मौर्य (पुत्र रामदिहल) पनियरा नगर के निवासी थे और पेशे से दवा व्यवसायी थे। परिजनों के अनुसार वह किसी काम से परतावल गए थे और देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनौली चौराहे से पहले पीछे या सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र मौर्य सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हेलमेट भी टूट गया, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल अवस्था में धर्मेंद्र मौर्य को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पनियरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पनियरा पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।
0 Comments