घाटमपुर तहसील में कोटेदारों का प्रदर्शन, उप जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मांगे ना पूरी होने तक बंद रहेगा वितरण कार्य

उदय समाचार । कानपुर । घाटमपुर तहसील में शुक्रवार को उचित दर विक्रेता सेवा समिति के तत्वाधान में तहसील क्षेत्र के कोटेदारों ने कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और चार सूत्रीय मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी घाटमपुर को सौंपा । 

ज्ञापन में 2002 से 2014 तक बकाया भाड़ा दिया जाने की मांग की गई जो कोटेदारों को अभी तक नहीं मिला है, वहीं 600 ग्राम खाली बोरी का वजन दिए जाने की भी मांग की गई । कोटेदारों ने 200 रुपए प्रति कुंतल कमीशन अथवा 30000 रुपए प्रति माह मानदेय देने की भी मांग की गई है, साथ ही 2025 में जनवरी-फरवरी व मार्च माह का ज्वार, बाजरा और मक्का का कमीशन कोटेदारों को नहीं मिला है जिसका कमीशन दिए जाने की भी मांग की गई है । 

उचित दर विक्रेता सेवा समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद्र द्विवेदी ने कहा कि जब तक कोटेदारों की मांगे पूरी नहीं होती तब तक वितरण कार्य बंद रहेगा । इस दौरान सुशील कुमार, मनोज कुमार, सत्य प्रकाश, सुधा देवी, विनोद कुमार, प्रेमचंद, आनंद, परशुराम, प्रमोद कुमार, रामचंद्र गुप्ता, संतोष कुमार सहित दर्जनों कोटेदार मौके पर मौजूद रहे ।

Post a Comment

0 Comments