महराजगंज । घुघली -सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि गंदगी से प्रदूषण फैलता है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। खुले में छोड़े गए अपशिष्ट जल में कीड़े और मच्छर पनपते हैं, जिससे हैजा, पेचिश सहित कई संक्रामक रोग फैलते हैं। कचरा उत्पादन मानवीय गतिविधियों का एक अनिवार्य हिस्सा है, लेकिन उसका उचित निपटान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उक्त बातें थाना प्रभारी घुघली कुमार गौरव ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में थाना क्षेत्र के एक सार्वजनिक स्थान पर आयोजित सफाई अभियान के दौरान कही। यह सफाई अभियान हरपुर महंथ शिव मंदिर परिसर में थाना स्टाफ एवं पुलिस लाइन से प्राप्त प्रशिक्षुओं के साथ चलाया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान न केवल बेहतर पुलिसिंग का हिस्सा है, बल्कि यह पुलिस और समाज के बीच आपसी जुड़ाव को भी मजबूत करता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें और सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें।
इस अवसर पर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की गई तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर स्वच्छ भारत मिशन का संदेश दिया।
जिला ब्यूरो- रंजीत, महाराजगंज ।
0 Comments