महराजगंज। श्यामदेउरवा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी का बुधवार को लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 19 जनवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र के बरवा विद्यापति के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके निधन की खबर से श्यामदेउरवा पुलिस सहित पूरे जनपद के पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी को हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी किसी कार्य से महराजगंज आए हुए थे। ड्यूटी समाप्त कर वापस श्यामदेउरवा थाने लौटते समय बरवा विद्यापति के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल महराजगंज जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी देवरिया जनपद के निवासी थे और वर्ष 1994 बैच के आरक्षी थे। लगभग एक वर्ष पूर्व उनकी तैनाती श्यामदेउरवा थाने में हुई थी।
वह अपने शांत स्वभाव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक नेकदिल, जिम्मेदार और मिलनसार सिपाही के रूप में याद किया।
0 Comments