गाजे बाजे के साथ निकली श्री श्री शत चण्डी महायज्ञ की कलश यात्रा



फरेन्दा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने फीता काट कर कलश यात्रा किया रवाना

महराजगंज: जनपद के फरेन्दा ब्लॉक क्षेत्र के बरातगाड़ा गांव स्थित मां बुढ़िया वाली मंदिर परिसर में श्री श्री शत चण्डी महायज्ञ की कलश यात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ फरेन्दा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राम प्रकाश सिंह ने फीता काटकर किया। इस यात्रा में हजारों की संख्या में क्षेत्र के  लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह महायज्ञ विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी विधि-विधान से शुरू हो रहा है। कलश यात्रा का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राम प्रकाश सिंह ने ग्राम प्रधान बरातगाड़ा दिनेश यादव और ग्राम प्रधान झावाकोट वीरेंद्र कुमार के साथ मिलकर किया।
कलश यात्रा के दौरान कन्याओं ने अपने सिर पर कलश धारण किए। यह यात्रा क्षेत्र के कुआवल, बालक नगर , रेहरवा, लोहरपुरवा और रामजानकी नगर से होते हुए पवित्र रोहिन नदी के बरातगाड़ा घाट पहुंची। यहां पुरोहितों की वैदिक प्रक्रिया के बाद कलशों में जल भरा गया।
यात्रा में शामिल लोग डीजे पर बज रही भक्ति धुनों पर नाचते-झूमते हुए चल रहे थे। मां बुढ़िया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे भक्तिमय माहौल बन गया।
आपको बताते चलें कि माँ बुढ़िया देवी मन्दिर पर जितने दिन यज्ञ चलती है उतने दिन रामलीला का मंचन और प्रवचन का कार्यक्रम चलता है और क्षेत्र के रामचरितमानस प्रेमी भगवान श्री राम चन्द्र जी की जीवनलीला को बड़ी ही तन्मयता के साथ देखते हुए जीवन की मर्यादाओं को आत्मसात करने का प्रयास करते हैं |
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बरातगाड़ा व झावाकोट, महाकाल बाबा, राजेश यादव, सोनू सिंह, राजू यादव, पत्रकार उमेश गुप्ता, पारस सहानी, मूलचन्द यादव , बलिराम मद्धेशिया, बिन्द कुमार अग्रहरि, अमरसेन यादव सहित हजारों की संख्या में क्षेत्र के महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments