थाईलैंड की महारानी का कुशीनगर व सोनौली में पारंपरिक स्वागत


महराजगंज थाईलैंड की महारानी चखुन सिनीनात वांगवजीरापकडी का गुरुवार को महराजगंज जनपद के सोनौली स्थित थाई बुद्ध विहार 960 में भव्य एवं पारंपरिक स्वागत किया गया। महारानी नेपाल के लुंबिनी के लिए सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा मार्ग से प्रस्थान कर रही थीं। इसी क्रम में उन्होंने थाई बुद्ध विहार में कुछ समय व्यतीत कर बुद्ध वंदना एवं ध्यान किया।

बौद्ध परंपराओं के अनुरूप श्रद्धा एवं सम्मान के साथ महारानी का अभिनंदन किया गया। देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेंद्र राव, थाई बुद्ध विहार के प्रमुख फ्रा रंगसीत भंते तथा पिंटू शुक्ल के नेतृत्व में बौद्ध उपासकों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान विहार परिसर पूर्णतः आध्यात्मिक वातावरण में डूबा रहा।

थाई बुद्ध विहार 960, सोनौली के प्रवक्ता फ्रा बोधिविदेसवजराथाडा (फ्रा रंगसीत सोंगर) ने बताया कि 29 जनवरी को महारानी के आगमन को लेकर विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित था। इस अवसर पर थाई बुद्ध की प्रतिमा को विशेष रूप से सजाया गया तथा पूरे विहार परिसर को आकर्षक ढंग से अलंकृत किया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि महारानी का यह प्रवास निजी एवं धार्मिक प्रकृति का था। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को विहार परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।

इस अवसर पर एडिशनल डीएम नौतनवा नवीन कुमार, भंते फ्रा रंगसीत, जितेंद्र राव, पिंटू शुक्ल, प्रताप नारायण गौतम, अभिषेक तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बौद्ध अनुयायी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments