महराजगंज में युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी



महराजगंज,नगर के बिस्मिल नगर इलाके में गुरुवार शाम एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुरुवार शाम करीब सात बजे का है, जिसमें कुछ लोग एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने युवक पर चोरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक लंबे समय से नालों के पाइप, मकानों का सामान और सड़क से जुड़ी अन्य वस्तुओं की चोरी कर रहा था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मोहल्लेवासी काफी परेशान थे।

गुरुवार शाम युवक को कथित तौर पर चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में युवक असहाय स्थिति में दिखाई दे रहा है, जिसे चारों ओर से घेरकर पीटा जा रहा है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि किसी भी संदिग्ध को कानून हाथ में लेकर दंडित करना अपराध की श्रेणी में आता है।

इस संबंध में थाना प्रभारी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments