श्री श्री विष्णु महायज्ञ के आठवें दिन भावुक हुआ जनमानस: सीता हरण, जटायु मिलन और राम के हाथ जटायु का अंतिम संस्कार देख छलक उठीं श्रद्धालुओं की आँखे


महराजगंज,सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा इमिलिया में आयोजित श्री श्री विष्णु महायज्ञ के आठवें दिन रामलीला मंचन के दौरान आध्यात्मिक और भावनात्मक वातावरण अपने चरम पर पहुँच गया। सीता हरण, जटायु मिलन तथा भगवान श्रीराम द्वारा जटायु का अंतिम संस्कार जैसे करुण प्रसंगों के मंचन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंचन के दौरान राम, लक्ष्मण और जटायु के संवाद में माता सीता के हरण का संकेत जैसे ही सामने आया, पूरा पंडाल शोक और भक्ति से भर उठा।
राम-सीता की खोज का सजीव मंचन देख दर्शकों की आँखें नम हो गईं। श्रद्धालु रामलीला दर्शन में इतने तल्लीन हो गए कि हर दृश्य के साथ जय श्रीराम के उद्घोष और करुण मौन एक साथ गूंजते रहे। कलाकारों की भाव-भंगिमा, संवाद और प्रस्तुति ने त्रेता युग के प्रसंगों को मानो जीवंत कर दिया।
यह भव्य विष्णु महायज्ञ ग्राम सभा एवं क्षेत्र की जनता के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। आयोजन में जनसहभागिता देखते ही बनती है। यज्ञ और रामलीला के सफल आयोजन का श्रेय ग्रामवासियों की सामूहिक आस्था, सेवा और समर्पण को जाता है।
उल्लेखनीय है कि इमिलिया ग्राम सभा में स्थित इस मंदिर का निर्माण राघव दास के करकमलों से कराया गया, जहाँ प्रतिवर्ष अनवरत यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता है। यह स्थल अब क्षेत्र में सनातन संस्कृति और धार्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
विष्णु महायज्ञ के माध्यम से ग्रामवासी न केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सनातन धर्म के संस्कारों से जोड़ने का भी कार्य कर रहे हैं। आयोजन में सभी ग्रामवासी सहयोग की भावना से बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं, जो सामाजिक एकता और धार्मिक चेतना का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Post a Comment

0 Comments