महराजगंज,ब्लॉक मिठौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत धरमौली में आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित निर्माण कार्य का जिलाधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री तथा मानकों का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र जैसे जनकल्याणकारी भवनों का निर्माण पूरी पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, क्योंकि इससे सीधे तौर पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं का भविष्य जुड़ा होता है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को चेताया कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानक से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण की गति पर संतोष जताते हुए कार्य को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने भवन में पेयजल, शौचालय, वेंटिलेशन, सुरक्षा और बच्चों के अनुकूल सुविधाओं को प्राथमिकता से विकसित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र सुदृढ़ और सुविधायुक्त हों, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर पोषण, शिक्षा और देखभाल मिल सके।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी, संबंधित अभियंता, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments