ब्लॉक मिठौरा के ग्राम धरमौली में चल रहे मनरेगा कार्यों का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण


महराजगंज,ब्लॉक मिठौरा अंतर्गत ग्राम धरमौली में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत संचालित विकास कार्यों का जिलाधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यस्थल पर पहुंचकर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, श्रमिकों की उपस्थिति तथा भुगतान व्यवस्था का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मनरेगा के अंतर्गत कराए जा रहे कार्य पूरी पारदर्शिता, निर्धारित मानकों और शासन की मंशा के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ स्थायी और उपयोगी परिसंपत्तियों का सृजन करना है, इसलिए कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जॉब कार्डधारक श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और मजदूरी भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मजदूरी का भुगतान समय से खातों में किया जाए तथा श्रमिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं जैसे पेयजल, छाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि फर्जी हाजिरी, घटिया सामग्री या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments