महराजगंज 2026। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में जनपद महराजगंज ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के टॉप–10 जिलों में स्थान प्राप्त किया है। जनवरी माह की संयुक्त राजस्व एवं विकास रैंकिंग में जनपद ने प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान हासिल किया है।
राजस्व एवं विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर यह उपलब्धि संभव हुई है। विकास क्षेत्र के अंतर्गत संचालित 71 योजनाओं में जनपद को ‘ए’ ग्रेड, 06 योजनाओं में ‘बी’ ग्रेड तथा 03 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि किसी भी श्रेणी में जनपद को ‘डी’ ग्रेड नहीं मिला।
इसी प्रकार राजस्व क्षेत्र में भी प्रदर्शन सराहनीय रहा। 34 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 09 में ‘बी’ ग्रेड तथा 04 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। राजस्व रैंकिंग में जनपद ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 33वें स्थान से छलांग लगाकर 12वें स्थान तक पहुंचने में सफलता पाई है।
सीएम डैशबोर्ड पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, पर्यटन, पेयजल, सड़क निर्माण एवं सामाजिक कल्याण जैसी विभागीय योजनाओं से जुड़े सूचकांकों में जनपद का प्रदर्शन उत्कृष्ट पाया गया है।
गौरतलब है कि विगत माह जनपद को 14वां स्थान मिला था, जिस पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी विभागों को योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग और बेहतर पर्यवेक्षण के निर्देश दिए थे। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में जनपद को 9वां स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि संयुक्त रैंकिंग में 8वें स्थान पर पहुंचकर जनपद ने मजबूत वापसी दर्ज की है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देशित किया कि निरंतर मॉनिटरिंग, प्रभावी समीक्षा बैठकों और फील्ड स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे और जनपद भविष्य में भी प्रदेश में अग्रणी बना रहे।
0 Comments