11000 हजार वोल्ट की लाइट बनी जानलेवा, दो मजदूर झुलसे


मिठौरा ब्लॉक के परसौनी गांव में बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

महराजगंज,मिठौरा ब्लॉक अंतर्गत परसौनी गांव में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। गांव के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मकान निर्माण के दौरान दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पूर्व गांव में मकान निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से रमन चौहान (निवासी - खोस्टा गांव) और शैलेन्द्र (निवासी - सिहुली परसा) गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने बताया कि गांव के बीचोंबीच गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन पहले भी कई हादसों का कारण बन चुकी है। इस लाइन की वजह से कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद कई बार शिकायत करने के बाद भी विद्युत विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

प्रदर्शन में शामिल सपा जिला उपाध्यक्ष तैय्यब अंसारी, ग्राम प्रधान अनिल कुमार जोशी, कवींद्र कुमार पांडेय, सोबराती, कमरूजमा, सफुद्दीन, इजहार, मुजफ्फर अली सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सड़कें संकरी हैं और ऊपर से नंगे हाईटेंशन तार लटक रहे हैं, जिससे हर समय जान-माल का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने पंचायत भवन पर एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और मांग की कि हाईटेंशन लाइन को गांव के बाहर से निकाला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके ।

Post a Comment

0 Comments