महराजगंज जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र में फरवरी माह से लापता 19 वर्षीय युवक आदित्य चौरसिया का शव गुरुवार को बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक का शव फरेंदा थाना क्षेत्र के लेजार महदेवा गांव के सिवान में एक पोखरे के पास पड़ा मिला।
मृतक आदित्य चौरसिया ग्राम सभा बैकुंठपुर का निवासी था। परिजनों के अनुसार आदित्य 2 फरवरी को घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने फरेंदा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने लेजार महदेवा गांव के सिवान में पोखरे के पास एक युवक का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल फरेंदा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त लापता युवक आदित्य चौरसिया के रूप में की।
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
0 Comments