महाराजगंज, 4 फरवरी।सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास की निरंतर श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विकास खंड मिठौरा की ग्राम सभा बसंतपुर एवं हरिहरपुर में नवनिर्मित आधुनिक विवाह भवन का विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, जो कभी रुकती नहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी क्रम में वर्षों से चली आ रही ग्रामीणों की मांग को पूरा करते हुए बसंतपुर और हरिहरपुर को यह आधुनिक विवाह भवन समर्पित किया गया है।
विधायक ने कहा कि अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को निजी संसाधनों या दूरस्थ स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे आर्थिक और सामाजिक परेशानियां होती थीं। इस विवाह भवन के निर्माण से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर एक सुलभ, सम्मानजनक और सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल विवाह समारोह ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा, जिससे ग्रामीण जीवन में सुविधा और गरिमा दोनों में वृद्धि होगी।
जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि डबल इंजन की सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सर्वांगीण उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी और आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
लोकार्पण कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने विवाह भवन परिसर का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को भवन के समुचित रख-रखाव, स्वच्छता और बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सच्चिदानंद मौर्य, रघुनाथ पटेल, मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल, विजय गौड़, मंडल महामंत्री घरभरन मौर्य, प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्ता, जिला महामंत्री ओम प्रकाश पटेल सहित अनेक स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया और विवाह भवन निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इससे सामाजिक कार्यक्रमों में होने वाली परेशानियों से स्थायी निजात मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखा गया।
0 Comments