पीएचसी खुशहालनगर में आरोग्य मेले का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, 42 मरीजों का हुआ परीक्षण


महराजगंज,जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुशहालनगर में आयोजित आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरोग्य मेले में कुल 42 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मेदिनीपुर निवासी नंदू, संतोष, शुभम एवं पूजा सहित चार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। जिलाधिकारी ने पीएचसी पर उपलब्ध दवा स्टॉक की जांच की, जिसमें अधिकांश दवाएं उपलब्ध पाई गईं। हालांकि एआरवी वैक्सीन की अनुपलब्धता सामने आई, जिस पर फार्मासिस्ट ने बताया कि वैक्सीन की मांग जिला मुख्यालय को भेज दी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल वैक्सीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं से आयुष्मान लाभार्थियों की सूची की भी समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान योजना से वंचित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा मरीजों को सभी आवश्यक जांच व दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इसे सुनिश्चित करना सभी स्वास्थ्य कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य कर्मी मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें।

निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एमओआईसी घुघली डॉ. अमित विक्रम सिंह, डॉ. राकेश मोहन शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments