महराजगंज,सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड सदर अंतर्गत ग्राम सभा अहमदपुर मौनहिया टोला एवं गोपी स्थित यादव टोला के संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ किया। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सड़क निर्माण की शुरुआत से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आधारशिला कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास की नई इबारत लिख रही है। गांव, गरीब, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र की रीढ़ होती है, जिससे आवागमन सुगम होता है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा व्यापार को सीधा लाभ मिलता है। यह संपर्क मार्ग लंबे समय से ग्रामीणों की मांग थी, जिसे सरकार ने पूरा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के जरूरत के आधार पर योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों में विकास कार्य जाति और क्षेत्र देखकर किए जाते थे, लेकिन वर्तमान सरकार में हर गांव और हर व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार आगे भी और तेज होगी।
जय मंगल कन्नौजिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सदर ब्लॉक प्रमुख इंजीनियर विवेक गुप्ता ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से और बेहतर होगा।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष गिरीश पटेल, पूर्व प्रधान अजय धर दुबे, जय सिंह, रहमतुल्लाह रब्बानी, रमेश वर्मा, शैलेश वर्मा, सहायक अभियंता राम नरेश मौर्य, अवर अभियंता मोहम्मद उमर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
0 Comments