महराजगंज,घुघली विकासखंड की ग्रामसभा भिटौली में सरकारी योजनाओं के तहत बिना कार्य कराए कागजों में कार्य दिखाकर बड़े पैमाने पर भुगतान कराने का आरोप सामने आया है। अपनी जनता पार्टी (AJP) के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार कन्नौजिया ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में 27 जनवरी को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मिलीभगत से बिना कार्य कराए कागजी कोरमपूर्ति कर भुगतान निकाला गया।
आरोपों के अनुसार इंटरलॉकिंग, नाली, खड़ंजा, मिट्टी कार्य, सोलर लाइट, रिटेनिंग वॉल, पुलिया निर्माण एवं मरम्मत जैसे कई कार्यों में गंभीर अनियमितताएं की गई हैं। इतना ही नहीं, एक ही नाली पर तीन बार भुगतान कराने का भी आरोप लगाया गया है।
AJP जिलाध्यक्ष ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा फर्जी भुगतान की राशि की वसूली की मांग की है।
वहीं इस मामले में भिटौली ग्राम प्रधान स्वामीनाथ गुप्ता ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि जांच होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
0 Comments