महराजगंज,फरेंदा क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव निवासी आदित्य चौरसिया (17) का शव बीते 6 फरवरी की सुबह लेजार महदेवा क्षेत्र में एक बगीचे के किनारे गेहूं के खेत से पुलिस ने बरामद किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में नात-रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।शनिवार की सुबह मृतक के परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती और मुकदमे में दोषियों के नाम नहीं बढ़ाए जाते, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सिद्धार्थ, सीओ अनिरुद्ध कुमार, फरेंदा तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, फरेंदा कोतवाल योगेंद्र कुमार राय, पुरंदरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय, बृजमनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर दास भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन के लगातार समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए सहमत हो गए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शाम करीब 4 बजे शव यात्रा घर से त्रिमुहानी घाट के लिए रवाना हुई, जहां विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments