महराजगंज ,पनियरा ब्लाक अंतर्गत ग्राम सभा जड़ार में आयोजित पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ के अंतर्गत आज दिनांक 11 फरवरी को प्रातःकालीन बेला में यज्ञीय परंपराओं का विधिवत निर्वहन किया गया। युग ऋषि तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के देवदूत आचार्य जीवन प्रकाश परिव्राजक के सान्निध्य में सम्पन्न इस कार्यक्रम ने आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक पवित्र बना दिया।
पूर्णाहुति के शुभ अवसर पर सहयोगी आचार्य एवं संगीतज्ञ शुभम पटेल, अजय कुमार सहित अन्य साधकों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय भजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यज्ञ के क्रम को आगे बढ़ाते हुए आचार्य जीवन प्रकाश जी ने यज्ञ की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में यह भ्रांति फैलाई जाती है कि हवन सामग्री जलाने से प्रदूषण फैलता है, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है। यज्ञीय प्रक्रिया से वातावरण शुद्ध होता है और मानसिक-शारीरिक संतुलन में सहायता मिलती है।
उन्होंने उदाहरण स्वरूप अग्निहोत्र से जुड़े एक अनुभव को साझा करते हुए बताया कि अनुशासित साधना एवं यज्ञीय जीवनशैली से सकारात्मक परिवर्तन संभव है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य संबंधी विषयों में संयम और सही मार्गदर्शन आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान नामकरण, अन्नप्राशन एवं विद्यारंभ संस्कार भी विधिपूर्वक सम्पन्न कराए गए। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ महराजगंज के वरिष्ठ जनों द्वारा यज्ञ समिति के प्रमुख ट्रस्टी विद्यासागर पटेल, प्रभाकर पटेल, आंदोलन प्रभारी सुभाष चंद्र यादव, शक्तिपीठ व्यवस्थापक शुभकरण पासवान, राम अवध गुप्ता सहित अन्य सहयोगियों के माध्यम से ग्राम जड़ार के परिजनों को पाँच आम के पौधे भेंट किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
अंत में आयोजित गोष्ठी में गायत्री परिवार के सातों आंदोलनों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। गोष्ठी में धर्मेंद्र पटेल, वृंदाविहारी तिवारी, प्रमोद पटेल, महिला मंडल की बहनों सहित अन्य ग्राम सभाओं के प्रज्ञा मंडल सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
0 Comments