सिसवा में ‘विकास का संदेश’: प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का पहला आगमन, अल्पसंख्यक समाज ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत

महराजगंज,उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का सिसवा विधानसभा क्षेत्र में पहला आगमन राजनीतिक दृष्टि से खास माना जा रहा है। उनके स्वागत में ग्राम बरोहिया में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व सिसवा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अजय श्रीवास्तव ने किया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में अल्पसंख्यक समुदाय की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल-मालाओं और साफा पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम में सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश उभरकर सामने आया।
अपने संबोधन में अजय श्रीवास्तव ने कहा कि सिसवा की जनता विकास, पारदर्शिता और सद्भाव की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में समावेशी सोच और विकासवादी नेतृत्व के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने स्वागत से अभिभूत होकर अल्पसंख्यक समुदाय और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह समर्थन उनके लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। चौधरी ने आश्वस्त किया कि वे बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य करेंगे और सिसवा विधानसभा सहित पूरे महराजगंज जिले को विकास की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान “सबका साथ, सबका विकास” के नारे गूंजते रहे और समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सिसवा में पंकज चौधरी का यह पहला दौरा संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समीकरणों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण संदेश देता है

Post a Comment

0 Comments