प्रेमी के शादी के आश्वासन पर मानी, पुलिस ने दोनों को लिया कस्टडी में
महराजगंज। डोमा काटी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब 18 वर्षीय एक युवती गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह ग्रामीणों की नजर टावर पर चढ़ी युवती पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर युवती को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने करीब पांच घंटे तक समझाइश कर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक भी मौके पर पहुंचा, जिसने खुद को युवती का प्रेमी बताया। युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी और उसका कहना था कि जब तक प्रेमी मौके पर नहीं आएगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। युवती ने परिजनों को जहर खाने की धमकी भी दी थी, जिससे परिजन और ग्रामीण काफी चिंतित थे।
आखिरकार युवक द्वारा शादी का आश्वासन दिए जाने के बाद युवती टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने एहतियातन दोनों को कस्टडी में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना को लेकर गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
0 Comments