कांग्रेस आलाकमान की मुहर के बाद नई टीम का गठन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में पत्र जारी किया है. इस पत्र में बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधायक दल के पदाधिकारियों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी.इन नियुक्तियों के जरिए विधानसभा सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति और समन्वय को और मजबूत करने की कोशिश की गई है.
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
लखेश्वर बघेल को डिप्टी लीडर नियुक्त किया गया है. दलेश्वर साहू को चीफ व्हिप की जिम्मेदारी सौंपी गई है. दिलीप लहरिया को डिप्टी व्हिप बनाया गया है.
सचिन पायलट के पास नियुक्ति से जुड़ी जानकारी भेजी गई
यह पत्र छत्तीसगढ़ के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट को संबोधित करते हुए जारी किया गया है. साथ ही इसकी प्रति विधायक दल के नेता चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को भी भेजी गई है.
संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा गतिविधियों और मुद्दों को देखते हुए कांग्रेस ने यह कदम उठाया है, ताकि सदन के भीतर पार्टी की भूमिका और प्रभाव को अधिक संगठित ढंग से प्रस्तुत किया जा सके. इस फैसले को प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने नवनियुक्त साथियों को दी शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायी दल में हुई नई नियुक्तियों का नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने स्वागत किया है. उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है.उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे , लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के प्रति आभार व्यक्त किया. डॉ. महंत ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के इस निर्णय से विधायी दल को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त उपनेता, मुख्य सचेतक और उप सचेतक को बधाई
डॉ. महंत ने बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को ‘उपनेता’ नियुक्त होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव से सदन में विपक्ष की आवाज और अधिक प्रभावी होगी.डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू को ‘मुख्य सचेतक’ बनाए जाने पर उन्होंने हर्ष व्यक्त किया और कहा कि विधायी कार्यों में उनका समन्वय सराहनीय रहेगा. मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को ‘उप सचेतक’ की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि वे संगठनात्मक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
नई टीम से मजबूत होगी विपक्ष की भूमिका
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि यह नई टीम सदन के भीतर जनता के मुद्दों को पूरी प्रखरता से उठाएगी और छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी. उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठन और विधायी दल को नई ऊर्जा मिलेगी तथा विपक्ष की भूमिका और अधिक मजबूत होगी ।
0 Comments