महराजगंज,कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने शहरवासियों को चौंका दिया है। भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड पर महज कुछ मिनटों के भीतर महिला के हैंडबैग से कीमती आभूषणों से भरा पर्स पार कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी प्रशान्त गुप्ता (वार्ड संख्या 19, चिउरहा, नगर पालिका परिषद) ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
प्रशान्त गुप्ता ने बताया कि 4 फरवरी को दोपहर लगभग 2:50 बजे वे अपनी पत्नी नीतू गुप्ता को सिंदुरिया जाने के लिए बस स्टैंड तक छोड़ने गए थे। पत्नी को बस में बैठाकर वे घर लौट आए।
लेकिन बस के रवाना होने के कुछ ही मिनट बाद करीब 3:12 बजे नीतू गुप्ता का फोन आया कि उनके हैंडबैग की चेन खोलकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने छोटा पर्स चोरी कर लिया है। चोरी गए पर्स में कीमती आभूषण रखे हुए थे।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
*बस स्टैंड पर सक्रिय जेबकतरे?*
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से आशंका जताई जा रही है कि बस स्टैंड क्षेत्र में जेबकतरा गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस की गश्त और सतर्कता बढ़ाने की मांग स्थानीय लोगों ने की है।
0 Comments