महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत इलाहाबाद में पिछले कई महीनों से एक आक्रामक बंदर ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भी बंदर के हमले की सूचना मिली, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, बंदर अब तक कई लोगों को दौड़ाकर काट चुका है। इससे गांव में रेबीज संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गांव निवासी सत्यजीत सिंह ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी महराजगंज से शिकायत की है। उनका कहना है कि सोमवार को बंदर ने उन पर भी हमला कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पूर्व में रामदरश यादव बंदर के हमले में गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, जिनका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। गांव में विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से आक्रामक बंदर को शीघ्र पकड़वाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।
0 Comments