शिकायत के बावजूद नहीं हुई सफाई, सचिव के दावे से ग्रामीण असहमत
महराजगंज,जनपद के घुघली ब्लॉक अंतर्गत भरवलिया ग्राम सभा में नालियों के जाम होने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। जगह-जगह नालियों में गंदा पानी जमा रहने से प्रदूषण फैल रहा है, वहीं मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी गहरा गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नालियों की समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने बताया कि गंदगी के कारण दुर्गंध फैल रही है और बच्चों व बुजुर्गों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर हिरावती देवी, ललिता देवी, इन्द्रावती, दीपक, चंद्रभान, जितेंद्र, सरिता, सुभाष, धर्मेंद्र, शम्भू, अकलू, कृष्णमोहन, कंबल सहित अन्य ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द नालियों की सफाई कराने की मांग की है।
वहीं जब इस संबंध में ग्राम सचिव बृजेंद्र कृपाल श्रीवास्तव से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि ग्राम सभा की सभी नालियां साफ-सुथरी हैं और कहीं कोई समस्या नहीं है। सचिव के इस बयान से ग्रामीणों में और आक्रोश है, उनका कहना है कि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।
0 Comments