महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के एनएच-730 गोरखपुर-महराजगंज संपर्क मार्ग पर तरकुलवा तिवारी के पास गुरुवार सुबह करीब 7 बजे फॉर्च्यूनर और अल्टो कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के आलम मोटर ट्रेनिंग सेंटर, परतावल के मालिक आलम हुसैन (60) अल्टो कार से तरकुलवा उर्फ भटगांवा निवासी शाहरुख उर्फ फते आलम (30) को ड्राइविंग सिखा रहे थे। वे परतावल से तरकुलवा तिवारी तक पहुंचे थे और फैक्ट्री के सामने सड़क पर गाड़ी मोड़कर वापस लौटने की तैयारी में थे।
इसी दौरान गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही फॉर्च्यूनर ने अल्टो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अल्टो कई पलटी खाने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। वहीं फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित अख्तियार अली के मकान में जा घुसी, जिससे मकान के सामने बनी दुकान का शटर और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पहुंची भिटौली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल आलम हुसैन और शाहरुख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा। शाहरुख की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दिन में लगभग 11 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
फॉर्च्यूनर में सवार गोरखपुर निवासी विनय गुप्ता का इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments