शिकारपुर में अवैध टैक्सी स्टैंड का कब्जा, पुलिस बूथ बना यात्रियों का अस्थायी निवास


प्रशासन मौन, यातायात व्यवस्था बेपटरी

 महराजगंजनगर ,एन एच 730के मुख्य मार्ग पर स्थित शिकारपुर में अवैध टैक्सी स्टैंड का संचालन खुलेआम दबंगई से की जारी है। हैरानी की बात यह है कि जहां व्यवस्था और सुरक्षा के लिए बनाया गया पुलिस बूथ था, वहां यात्रियों का वेटिंग स्थल बना हुआ है।टैक्सी स्टैंड अब मछली बेचने का केंद्र बन गया है। अवैध पार्किंग और अराजकता के कारण आम राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टैक्सी चालकों ने सड़क किनारे स्थायी रूप से वाहन खड़ा करना शुरू कर दिया है। इससे जाम की स्थिति अक्सर बनी रहती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में दिक्कतें हो रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों की आवाजाही बाधित होने से कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
पुलिस बूथ, जो कभी सुरक्षा और निगरानी का प्रतीक था, अब यात्रियों के बैठने और आराम करने का स्थान बन गया है। बूथ के आसपास गंदगी और अव्यवस्था का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण अवैध टैक्सी स्टैंड संचालकों के हौसले बुलंद हैं।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध टैक्सी स्टैंड को तत्काल हटाया जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। साथ ही पुलिस बूथ को पुनः सक्रिय कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस समस्या पर संज्ञान लेते हैं और शिकारपुर की सड़कों को जाम और अव्यवस्था से मुक्ति दिलाते हैं।

Post a Comment

0 Comments