महराजगंज, मिठौरा ब्लाक क्षेत्र के सिंदुरिया चौराहे से झांझनपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंगलवार को अर्धनिर्मित नाली लोगों के लिए भारी मुसीबत बन गई। निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण सड़क संकरी हो गई, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। करीब एक घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं।
राहगीर, बाइक सवार, स्कूल वाहन और मालवाहक गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। तेज धूप और धूल के बीच लोग हलकान होते नजर आए। स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों ने बताया कि आए दिन इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनती है, लेकिन मंगलवार को हालात और भी गंभीर हो गए।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार मंगलवार और शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगने से इस मार्ग पर भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में अधूरी नाली और संकरी सड़क समस्या को और विकराल बना देती है। ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में दिक्कत होती है, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जाम के दौरान पुलिस की सक्रियता पर्याप्त नहीं रहती। समय पर ट्रैफिक नियंत्रण नहीं होने से स्थिति और बिगड़ जाती है। लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है, जिससे छात्र, मरीज और जरूरी कार्य से जाने वाले नागरिक सबसे अधिक परेशान होते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए और बाजार के दिनों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही वैकल्पिक मार्ग या ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
जब विकास कार्य ही परेशानी का कारण बन जाए, तो सवाल उठना लाज़मी है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेते हैं और जनता को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
0 Comments