महराजगंज। गुरुवार, 26 फरवरी को टेट अनिवार्यता के विरोध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर, महराजगंज में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। हजारों की संख्या में शिक्षकों ने एकजुट होकर सरकार के निर्णय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी, डॉ. त्रिभुवन नारायण गोपाल, मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र एवं उपेन्द्र पाण्डेय ने किया। जनपद के सभी विकास खण्डों से आए शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने एक स्वर में टेट अनिवार्यता को “काला कानून” बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
“ *तीन से चार लाख शिक्षकों पर संकट”*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश के लगभग तीन से चार लाख शिक्षकों की नौकरी इस निर्णय से प्रभावित हो सकती है। उन्होंने शिक्षकों से चट्टानी एकता के साथ संघर्ष करने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि एकजुटता से निश्चित ही सफलता मिलेगी।
हिसामुद्दीन अंसारी, दिनेश यादव और ज्ञान्ती देवी ने शिक्षकों को संगठित रहने का संदेश दिया। विजय प्रताप पाण्डेय ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों को बार-बार प्रयोगशाला बनाकर नए-नए नियम लागू किए जा रहे हैं, जिससे शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है।
दिनेश मणि त्रिपाठी ने टेट अनिवार्यता के विरोध में अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर शिक्षकों की भावनाओं को स्वर दिया। वहीं रविन्द्र शर्मा ने कहा कि यदि योग्यता परीक्षण अनिवार्य करना है तो सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों पर समान रूप से लागू किया जाए।
राघवेन्द्र पाण्डेय, मनोज वर्मा, अखिलेश पाठक और दिनेश कुमार सिंह ने अपने जोशीले संबोधन से शिक्षकों में उत्साह भर दिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि आज सबसे बड़ी आवश्यकता शिक्षकों की एकता है।
*प्रधानमंत्री को भेजा गया ज्ञापन*
कार्यक्रम के अंत में जिला मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने ज्ञापन पढ़कर सुनाया, जिसे जिलाधिकारी के माध्यम से भारत सरकार को भेजे जाने की घोषणा की गई। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ (जूनियर हाई स्कूल) के जिला मंत्री उपेन्द्र पाण्डेय एवं अध्यक्ष डॉ. टी.एन. गोपाल ने भी शिक्षकों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
संगठन मोर्चा के प्रतिनिधियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महराजगंज, श्रीमती रिद्धि पाण्डेय को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसके बाद जिलाधिकारी महराजगंज के माध्यम से ज्ञापन अग्रेषित किए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
धरना-प्रदर्शन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। हजारों शिक्षकों ने एक स्वर में टेट अनिवार्यता को वापस लेने का संकल्प दोहराया और संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया।
0 Comments