राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
महराजगंज, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में मंगलवार को फरेंदा में ओबीसी, अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदायों के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी फरेंदा को सौंपते हुए नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
धानीढाला क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में लोग झंडे-बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान "यूजीसी नियम वापस लो, आरक्षण बचाओ" जैसे नारे लगाए गए, जिससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस आंदोलन में कहैया प्रसाद, राहुल शर्मा, दिनेश गौतम, विशाल कनौजिया, रमेश निषाद और राकेश निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी के नए नियम आरक्षण और जातिगत भेदभाव समाप्त करने के नाम पर लाए गए हैं, लेकिन व्यवहार में ये सवर्ण समाज को संरक्षण देते हुए ओबीसी, एससी और एसटी वर्गों के संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ये नियम सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसलों और रोहित वेमुला व पायल तड़वी जैसे मामलों से प्रेरित बताए जा रहे हैं, लेकिन इससे शिक्षा संस्थानों में पिछड़े और वंचित वर्गों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा।
उपजिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि राष्ट्रपति स्तर से हस्तक्षेप कर इन विवादास्पद नियमों को तत्काल वापस लिया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र किया जाएगा।
0 Comments