महाराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में एक गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ग्राम कनमिसवा के पास की है, जहां ड्यूटी के दौरान गार्ड अचेत अवस्था में मिला।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के ठठवली गांव निवासी सूरज सिंह (45) पुत्र उमाशंकर सिंह के रूप में हुई है। वह सड़क निर्माण कार्य में गार्ड के रूप में तैनात था। ड्यूटी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सूरज सिंह को मृत घोषित कर दिया। गार्ड की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
0 Comments