महराजगंज,जनपद के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और सूक्ष्म व लघु उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत महराजगंज में मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप 18 मार्च 2026 और 25 मार्च 2026 को विकास भवन सभागार, महराजगंज में आयोजित होगा, जिसमें बैंक द्वारा योजना से जुड़े लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत और वितरित किए जाएंगे।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र महराजगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस योजना के तहत 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं को लाभ दिया जाएगा, जिन्होंने कम से कम कक्षा 8 तक की शिक्षा प्राप्त की हो और किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय या शैक्षणिक संस्थान से कौशल संबंधी सर्टिफिकेट कोर्स किया हो। पात्र युवाओं को उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में स्वरोजगार स्थापित करने के लिए अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण चार वर्षों के लिए प्रदान किया जाएगा।
मेगा क्रेडिट कैंप में युवाओं को योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी और योग्य लाभार्थियों के आवेदन पर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इससे जनपद में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त उद्योग ने जनपद के सभी युवा उद्यमियों और पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ते हुए निर्धारित तिथियों पर समय से पहुंचकर कैंप में प्रतिभाग करें और योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
0 Comments