सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद में किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित

कटनी, मध्यप्रदेश । स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद में 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए भारत शासन की महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. आनंद अहिरवार ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर रोग है और भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसरों में यह प्रमुख कारणों में से एक है। 

उन्होंने कहा कि एचपीवी टीके की एक सिंगल डोज से इस कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है, इसलिए सभी पात्र किशोरी बालिकाओं को यह टीका अवश्य लगवाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान परामर्शदाता अरविंद कुमार बैरागी ने किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को बताया कि सर्वाइकल कैंसर मुख्य रूप से एचपीवी वायरस के संक्रमण के कारण होता है। 

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए यह टीकाकरण निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है और समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। इस कार्यक्रम पर सुपरवाइजर रविंद्र गर्ग एवं मनीष जैन ने भी किशोरियों और अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। 

एएनएम रीता गुप्ता, अनिलोक ठाकुर एवं क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से संपन्न रहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी टीकाकरण के लिए अवश्य लाएं, ताकि समस्त पात्र किशोरियां इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें और कोई भी बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।

जिला ब्यूरो- अनिल चौधरी, कटनी, मध्य प्रदेश ।

Post a Comment

0 Comments