कैमूर, बिहार । जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव के पास हुई। बताया जाता है कि एक बाइक और डंफर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बखार बांध गांव निवासी सुनील सिंह के 19 वर्षीय पुत्र गौतम सिंह के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं दूसरी घटना भभुआ-मोहनिया मुख्य पथ पर हुई, जहां बाइक सवार दो युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। घायलों की पहचान भभुआ नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 निवासी जितेंद्र बिंद के 15 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार तथा चांद थाना क्षेत्र के कुड्डी गांव निवासी नागेंद्र गोंड के 19 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में की गई है। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित थानों की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
संवाददाता- अफसार आलम, कैमूर, बिहार ।
0 Comments