महराजगंज जनपद के घुघली क्षेत्र अंतर्गत रामपुर बल्डीहां गांव में स्थित सरकारी आयुर्वेदिक चिकित्सालय में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और भ्रष्टाचार पर सख्ती के निर्देश दे रहे हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी इन निर्देशों को नजरअंदाज करते दिख रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी अपनी ड्यूटी के समय पर अस्पताल में उपस्थित नहीं रहते हैं। मरीज शशिकला देवी, सरिता देवी, सुबह से ही इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन 11 बजे तक भी डॉक्टर का कोई पता नहीं रहता, जिससे उन्हें बिना इलाज के वापस लौटना पड़ता है।

बताया जा रहा है कि डॉ. त्रिपाठी की तैनाती सप्ताह में केवल तीन दिन - मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार - की है। इसके बावजूद इन दिनों में भी उनकी लगातार अनुपस्थिति से मरीजों में आक्रोश बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सीमित दिनों में भी डॉक्टर उपलब्ध नहीं होंगे, तो गरीब और जरूरतमंद मरीज इलाज के लिए कहां जाएं।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस प्रकार की लापरवाही जारी रही, तो मरीजों को मजबूरी में महंगे निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।